
हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा को मद्देनजर रखते हुए यातायात पुलिस की ओर से 15 दिसम्बर से 25 दिसम्बर तक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को जंक्शन के सेक्टर 12 स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में यातायात प्रभारी अनिल चिन्दा की ओर से छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी गई ताकि युवा वर्ग यातायात नियमों की पालना करे। बच्चों को 18 साल की आयु होने तक वाहन नहीं चलाने के लिए कहा गया। विद्यार्थियों को यातायात नियमों की पालना की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। यातायात प्रभारी चिन्दा ने कहा कि युवा वर्ग उत्तेजना व भावुकता में वाहन को तेजी से चलाते हैं। नाबालिग भी वाहन चलाते हैं। इस वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगे, इसके लिए शिक्षण संस्थाओं में बच्चों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी देकर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। क्योंकि यह जीवन अमूल्य है जो एक बार मिलता है। अब तक 22 से 23 स्कूलों में 18 से 19 हजार बच्चों को रोड सेफ्टी की शिक्षा दी जा चुकी है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। उन्होंने शराब पीकर वाहन न चलाने, दुपहिया चलाते समय सीट हेलमेट पहनने व चौपहिया चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, तेज गति से वाहन न चलाने, ओवरटेक न करने सहित अन्य जरूरी बातें बच्चों को बताई।

यातायात प्रभारी ने मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए कहा कि यदि कहीं सड़क दुर्घटना होती है तो वहां वीडियो या फोटो बनाने के बजाय घायल की सहायता करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बाद समय पर मदद मिलने से कई लोगों की जान बच सकती है। विद्यार्थियों को गुड सेमेरिटन बनने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि मदद करने वाले व्यक्ति को कानून का संरक्षण भी प्राप्त है, इसलिए बिना किसी डर के जरूरतमंद की सहायता करनी चाहिए। विद्यालय प्रिंसिपल सुनीता यादव ने भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों में कम उम्र से ही सड़क सुरक्षा की समझ विकसित करना भविष्य के लिए बेहद आवश्यक है।
