पीलीबंगा। गांव पंडितावाली स्थित हरिओम कॉलोनी में युवा परिवार वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कॉलोनी के छोटे-छोटे बच्चों की सहभागिता से देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह रामगढ़िया ने बच्चों को उपहार वितरित किए, जिससे बच्चों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व को जाना। इस मौके पर अध्यापिका मोनिका ने बताया कि फाउंडेशन के प्रयासों से बच्चे खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर प्रगति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में काफी सुधार देखने को मिला है तथा फाउंडेशन की टीम द्वारा बच्चों की नियमित देखरेख और मार्गदर्शन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ-साथ उन्हें शिक्षा एवं संस्कारों से जोड़ना रहा। आयोजन को स्थानीय लोगों ने भी सराहा।
