हनुमानगढ़। राजकीय जिला चिकित्सालय में मंगलवार को कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले भर से सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर मौजूद रहे। कार्यशाला में मेडिकल ऑफिसर को आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी ने नई वैक्सीन ह्यूमन पेपिलोमा वायरस वैक्सीन के ओरिएंटशन की ट्रेनिंग दी। मेडिकल ऑफिसर ब्लॉक पर व पीएचसी स्तर के चिकित्सकों को ट्रेंड करेंगे। यह ह्यूमन पेपिलोमा वायरस वैक्सीन उन्हीं चिकित्सा संस्थानों पर लगेगी, जहां पर इसे रखने की व्यवस्था है। यानि चिकित्सा संस्थान में आईएलआर या डीप फ्रीजर के साथ मेडिकल ऑफिसर होना जरूरी है।

आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी ने बताया कि जिले में नई वैक्सीन ह्यूमन एप्लोमा वायरस वैक्सीन लॉन्च हुई है। यह वैक्सीन उन बच्चयों को लगाई जाएगी जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है और 15वां नहीं मनाया। उन बच्चियों को सीएचसी सहित अन्य अस्पतालों में यह वैक्सीन लगाई जाएगी।

यह वैक्सीन बालिका के बाएं हाथ में लगेगी। उन्होंने बताया कि हिन्दुस्तान के अन्दर बच्चेदानी के कैंसर का 99.07 प्रतिशत कारण यही ह्यूमन एप्लोमा वायरस है। अगर उन बच्चियों को समय पर यह वैक्सीन लगा दी तो भविष्य में उन करीब 100 प्रतिशत महिलाओं को बच्चेदानी के कैंसर से बचा पाने की स्थिति में होंगे। यह अभियान करीब तीन माह तक चलेगा। इस अभियान के बाद सोमवार व गुरुवार को आरआई अभियान के अंतर्गत रूटीन वैक्सीनेशन किया जाएगा।

वैक्सीन की यह एक डोज आने वाले समय में ह्यूमन पेपिलोमा वायरस की वजह से होने वाले कैंसर से बचाव करेगी। डॉ. विद्यार्थी ने बताया कि फिलहाल यह बहुत ही महत्वपूर्ण अभियान है। क्योंकि इलाके में कैंसर के बहुत ज्यादा रोगी हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि जिन बच्चियों ने अपना 14वां जन्मदिन मना लिया है, वे उनका वैक्सीनेशन अवश्य करवाएं।
