हरियाणा/हिसार। हरियाणा के जुलाना क्षेत्र स्थित गांव देश खेड़ा के युवा योग प्रशिक्षक एवं प्रतिभाशाली खिलाड़ी विकास लाठर ने अंतर्राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जानकारी के अनुसार, 4 से 8 जून तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप में विकास लाठर ने उत्कृष्ट योग कौशल का प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इस सफलता के साथ उन्होंने न केवल अपने परिवार और गांव का गौरव बढ़ाया, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का मान भी बढ़ाया है। विकास की बहन डॉ. पिंकी देवी ने बताया कि विकास बचपन से ही योग के प्रति समर्पित रहा है और पूर्व में भी कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुका है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतना उसकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। वहीं, विकास के पिता जगदीश लाठर ने कहा कि उनके पुत्र की यह उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और सतत प्रयास से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। विकास के ताऊ प्रताप लाठर ने बताया कि उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि विकास ने युवाओं को योग और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी है। उल्लेखनीय है कि विकास लाठर वर्तमान में स्पोर्ट्स राई यूनिवर्सिटी में योगा कोच के पद पर कार्यरत हैं और योग के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं खेल संगठनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
संवाददाता- राजेश सलूजा
