हनुमानगढ़। डबलीराठान की कृषि उपज मंडी में दुकान के बाहर बैठे एक व्यापारी के साथ असामाजिक तत्वों की ओर से मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित व्यापारी ने बुधवार को सदर पुलिस थाना में परिवाद प्रस्तुत कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। डबलीराठान निवासी महावीर प्रसाद मोठसरा ने बताया कि वह कृषि उपज मंडी में दुकान नंबर तीन का संचालक है। बुधवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी दुकान के बाहर बैठा था। तभी वहां सद्दाम हुसैन, काका खां, सद्दीक खां व गुरदेव सिंह सहित आठ-दस अन्य व्यक्ति पहुंचे और लाठी-डंडों से लैस होकर एकराय होकर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे सड़क पर गिराकर बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके हाथ-पैर और आंखों पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर व्यापारी अजय जग्गा और रामकुमार मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया। पीड़ित के अनुसार, हमलावर जाते समय उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। महावीर प्रसाद मोठसरा ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
