हनुमानगढ़। गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल में बुधवार को अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति तथा उज्ज्वल भविष्य के प्रति जागरूकता और प्रेरणा उत्पन्न करना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कैप्टन योगेन्द्र यादव रहे, जो परमवीर चक्र से सम्मानित कारगिल युद्ध के नायक होने के साथ-साथ विद्यालय के मुख्य मार्गदर्शक एवं निदेशक भी हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि आपका व्यवहार अच्छा है, तो आपको एनडीए में चयनित होने से कोई नहीं रोक सकता। अपनी सोच को दिल से अपनाएं और जीवन का स्पष्ट उद्देश्य निर्धारित करें। जब लक्ष्य जुनून बन जाता है, तो असंभव भी संभव हो जाता है।

उन्होंने सकारात्मक सोच को अनुशासन की आधारशिला बताते हुए कहा कि यही जीवन में आगे बढ़ने की सबसे बड़ी शक्ति है। कैप्टन यादव ने कहा कि भारत के युवाओं में अपार क्षमता है और वे अपनी कलम से इतिहास लिख सकते हैं तथा अपनी वीरता से नया इतिहास रच सकते हैं। इस मौके पर विद्यालय के कक्षा 10 सीबीएसई बोर्ड के टॉपर्स मेघा, जानवी, आयुषी, मुकुंद, सृष्टि झा सहित अन्य विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था के चेयरपर्सन वरुण यादव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम को सफलता की कुंजी बताते हुए लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। वहीं प्रबंध निदेशक दिनेश जुनेजा ने संस्था की कार्यप्रणाली एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और देशभक्ति जैसे गुणों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में संस्था के निदेशक विक्रम सिंह, प्रशासक अनुराग छाबड़ा, प्रधानाचार्या एन्थोनियम्मा पी, एनडीए कोचिंग निदेशक मनोज कुमार सहित अभिभावक मौजूद रहे।
