– एएसपी के नेतृत्व में होगी गहन जांच, साइबर सेल, डीएसटी और एजीटीएफ को भी किया शामिल
हनुमानगढ़। जिले की भादरा तहसील के नेठराना गांव में 12 वर्षीय छात्र अभिषेक शर्मा की हत्या के बहुचर्चित मामले में पुलिस ने जांच तेज करते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। एसआईटी का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई करेंगे, जबकि एससीएसटी सेल प्रभारी करण सिंह को मामले का अनुसंधान अधिकारी नियुक्त किया गया है। उल्लेखनीय है कि 10 फरवरी की शाम खेलने के लिए घर से निकला अभिषेक शर्मा रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। अगले दिन 11 फरवरी को उसका शव गांव के एक कुएं में मिला था। शव के गले पर चोट के निशान पाए जाने के बाद परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई थी। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग लगातार उठ रही है। मामले में अब तक कोई ठोस सुराग सामने नहीं आने और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों ने पूर्व में गोगामेड़ी थाने का घेराव भी किया था। न्याय की मांग को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जिला कलक्टर के माध्यम से गृह मंत्री के नाम ज्ञापन भी सौंपे हैं। यह मामला राजस्थान विधानसभा में भी उठ चुका है। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 14 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है। जांच को तकनीकी और वैज्ञानिक आधार पर आगे बढ़ाने के लिए टीम में साइबर सेल, जिला विशेष टीम (डीएसटी) तथा एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के अधिकारियों को शामिल किया गया है। एसपी का कहना है कि बालक हत्या प्रकरण के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और मामले के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जाएगा। एसपी ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए हेल्पलाइन नम्बर 8764531201 जारी किया है। उन्होंने कहा कि मामले से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना गोपनीय रखी जाएगी और जांच में उपयोग की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि जनसहयोग और विशेष जांच दल के संयुक्त प्रयासों से जल्द ही इस सनसनीखेज का खुलासा किया जा सकेगा।
