हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत अमरपुरा थेड़ी में लंबे समय से बनी हुई पेयजल समस्या से आक्रोशित वार्ड 5 और 6 के ग्रामीणों ने बुधवार को वाटर वर्क्स परिसर में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद ग्राम पंचायत प्रशासक व ग्राम विकास अधिकारी के नेतृत्व में जलदाय विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में बनी बड़ी पानी की टंकी का लाभ सभी वार्डांे को नहीं मिल रहा, जिससे कई क्षेत्रों में पेयजल संकट बना हुआ है। विजेंद्र जिनागल ने बताया कि वाटर वर्क्स परिसर में बने वाटर हेड टैंक के निर्माण को करीब दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक वार्ड 5 और 6 को इससे नहीं जोड़ा गया है। कुछ वार्डांे में ही टंकी से जलापूर्ति की जा रही है, जबकि कई मोहल्लों में आज भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। वर्तमान में गांव में बोरवेल के पानी की सप्लाई की जा रही है, जबकि उनकी मांग है कि नहर का पानी उपलब्ध कराया जाए। साथ ही गौशाला रोड, गौशाला क्षेत्र और वार्ड 4 स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र तक भी पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे स्थानीय लोगों के साथ छोटे बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना था कि कई मोहल्लों में दो-दो दिन तक पानी की आपूर्ति नहीं होती, जिसके कारण लोगों को निजी टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। स्थिति को गंभीर देखते हुए ग्राम पंचायत प्रशासक रोहित स्वामी ने तत्काल जलदाय विभाग को सूचना देकर अधिकारियों को मौके पर बुलाया। सूचना पर विभाग की जेईएन और सुपरवाइजर मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से बातचीत कर समस्या का जायजा लिया। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि 5 जून तक गांव की सभी पेयजल समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा तथा जिन क्षेत्रों में कनेक्शन नहीं हैं, वहां आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे। हालांकि ग्रामीणों ने विभाग के आश्वासन पर फिलहाल सहमति जताई, लेकिन चेतावनी दी कि यदि 5 जून तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान ओमप्रकाश, धर्मंेद्र जिनागल, भगवानराम पंवार, वीरेंद्र गांधी, अजय गांधी, संदीप सिंह, आदराम, मांगीलाल सहित कई अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
