अयोध्या। में आयोजित पीडीए महाजन पंचायत कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। जौनपुर के मछलीशहर से विधायक रागिनी सोनकर ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक स्थिति को लेकर भाजपा पर महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण और “महिला वंदन” की बात करने वाली भाजपा, पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ काउंटिंग के दौरान हुई कथित अभद्रता पर मौन रही। रागिनी सोनकर ने कहा कि तीन बार की मुख्यमंत्री द्वारा अपनी पीड़ा जाहिर किए जाने के बाद देश की महिलाओं में आक्रोश है और लोकतंत्र में हार-जीत सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन महिलाएं इसका जवाब जरूर देंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद उसके कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस के कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी कर रहे हैं, जो भाजपा की नकारात्मक राजनीति को दर्शाता है। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जैसे 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने सक्रिय भूमिका निभाई, वैसे ही आगामी चुनाव में भी जनता खुद बदलाव लाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के समर्थन से समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा “काम में जीरो और बातों में हीरो” है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ हो रही घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की भूमिका पर सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि उनकी पार्टी की एक विधायक के जलने की घटना के बाद भी सरकार का कोई प्रतिनिधि हालचाल लेने नहीं पहुंचा, जबकि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संवेदना व्यक्त की। राम मंदिर दर्शन को लेकर पूछे गए सवाल पर रागिनी सोनकर ने सीधा जवाब देने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा बनवाए गए केदारेश्वर मंदिर में दर्शन करेंगी और आस्था को निजी विषय बताया। उन्होंने यह भी कहा कि देश संविधान से चलता है, न कि हिंदू-मुसलमान के आधार पर। कार्यक्रम का आयोजन सपा जिला उपाध्यक्ष औरौनी प्रसाद पासवान और पार्षद ज्ञासमती द्वारा श्रद्धेय माता दासी जी की आठवीं पुण्यतिथि और माता-पिता की मूर्ति अनावरण के अवसर पर किया गया था।
