हनुमानगढ़। नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन की छात्रा खुशबू अग्रवाल ने प्रतिष्ठित बैंकिंग परीक्षा में सफलता प्राप्त कर महाविद्यालय तथा शहर का नाम गौरवान्वित किया है। हाल ही में आईबीपीएस द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए खुशबू अग्रवाल का चयन बैंक ऑफ बड़ौदा में सीएसए (कस्टमर सर्विस एसोसिएट) पद पर हुआ है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीताराम ने जानकारी देते हुए बताया कि खुशबू अग्रवाल महाविद्यालय की नियमित, मेहनती एवं प्रतिभाशाली छात्राओं में से एक रही हैं। उन्होंने अपनी लगन, अनुशासन और निरंतर अध्ययन के बल पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि खुशबू की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और यह दर्शाती है कि कठिन परिश्रम और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। खुशबू अग्रवाल हनुमानगढ़ टाउन निवासी आशा अग्रवाल एवं विनोद कुमार अग्रवाल की सुपुत्री हैं। परिवार ने भी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए इसे उनकी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। छात्रा की इस सफलता पर संस्था अध्यक्ष सूरजभान मित्तल, सचिव राजकुमार अग्रवाल तथा निदेशक अमित माहेश्वरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों एवं स्टाफ सदस्यों ने भी खुशबू अग्रवाल को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की है कि खुशबू अग्रवाल भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगी तथा समाज और देश की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
