संगरिया। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, संगरिया की होनहार छात्रा इंद्रजीत ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उत्कृष्ट परिणाम आने के बाद विद्यालय परिवार और परिजनों में खुशी का माहौल है। इंद्रजीत की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इंद्रजीत शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही है और उसकी मेहनत व लगन का ही परिणाम है कि उसने इतनी शानदार सफलता हासिल की है। इंद्रजीत ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अध्ययन को दिया। उसने बताया कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए उच्च शिक्षा में भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहती है। इंद्रजीत की इस सफलता से क्षेत्र में भी गर्व का माहौल है और लोगों ने उसे शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने की कामना की है।
