टिब्बी। संगरिया में बुधवार को राठीखेड़ा एथेनॉल फैक्ट्री विवाद को लेकर महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इस महापंचायत के मद्देनजर, प्रशासन ने संगरिया और उसके 10 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया है। यह प्रतिबंध मंगलवार शाम 6 बजे से बुधवार रात 12 बजे तक लागू रहेगा।महापंचायत से पहले मंगलवार शाम को टिब्बी कस्बे के श्री गुरुद्वारा सिंह सभा में किसानों की एक बैठक हुई। इस बैठक में किसानों से ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ बड़ी संख्या में महापंचायत में शामिल होने की अपील की गई।

एथेनॉल फैक्ट्री हटाओ क्षेत्र बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य मान सिंह राठौड़ ने बताया कि समिति की मुख्य मांगें एथेनॉल फैक्ट्री का एमओयू (समझौता ज्ञापन) रद्द करना और आंदोलन के दौरान किसानों व आमजन पर दर्ज मुकदमों को वापस लेना है। राठौड़ के अनुसार, 17 दिसंबर को हुई वार्ता के बाद से प्रशासन या सरकार की ओर से इन मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। महापंचायत में 1970 के आंदोलन में शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि भी दी जाएगी। मंगलवार को संघर्ष समिति की विभिन्न टीमों ने टिब्बी क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया।

उन्होंने स्थानीय लोगों से संगरिया की महापंचायत में अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह किया। अतिरिक्त संभागीय आयुक्त द्वारा जारी आदेश के बाद पुलिस प्रशासन भी महापंचायत को लेकर अलर्ट पर है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बता दे कि एथेनॉल फैक्ट्री हटाने की मांग को लेकर संघर्ष समिति पिछले 17 महीनों से लगातार आंदोलन कर रही है। पिछले साल 10 दिसंबर को हुई महापंचायत के बाद एथेनॉल फैक्ट्री में तोड़फोड़, वाहनों में आगजनी और हिंसा की घटनाएं सामने आई थीं।
