हनुमानगढ़। जंक्शन के लाल चौक के समीप स्थित एफसीआई गोदाम के पास लम्बे समय से गंभीर सुरक्षा जोखिम बना हुआ है। गोदाम में गेहूं की आवक के दौरान आने वाले ट्रकों में क्षमता से अधिक ऊंचाई तक थैले लादे जाते हैं, जिससे ऊपर से गुजर रही विद्युत तारों के संपर्क में आने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि एफसीआई गोदाम के बाहर से गुजरने वाली सड़क पर रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। गेहूं से लदे ट्रक जब गोदाम में प्रवेश करते हैं या बाहर निकलते हैं, तो उनकी ऊंचाई बिजली की तारों के बेहद करीब पहुंच जाती है। कई बार ट्रक चालक तारों को छूते-छूते बचते नजर आते हैं। यदि किसी कारणवश ट्रक विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया, तो करंट फैलने, ट्रक में आग लगने या मौके पर मौजूद लोगों के झुलसने जैसी गंभीर घटनाएं घटित हो सकती हैं। इस मार्ग से आम नागरिक, दोपहिया वाहन, साइकिल सवार और पैदल राहगीर भी गुजरते हैं। ऐसे में हादसे की स्थिति में जनहानि की आशंका और अधिक बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की ओर कई बार संबंधित विभागों और एफसीआई प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। नागरिकों का सुझाव है कि सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत लाइनों को ऊंचा कराया जाए अथवा एफसीआई गोदाम में आने वाले ट्रकों की ऊंचाई तय मानक के अनुसार सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा चेतावनी बोर्ड लगाने और मौके पर निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की भी आवश्यकता है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि इस संवेदनशील स्थान पर शीघ्र कार्रवाई कर आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाला जा सके।
