हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित चूना फाटक के समीप भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम के बाहर अवैध और बेतरतीब पार्किंग से आमजन को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय लोग अपने दोपहिया वाहन एटीएम के सामने सड़क किनारे खड़े कर चले जाते हैं, जो देर शाम तक वहीं खड़े रहते हैं। इससे पूरे दिन यातायात बाधित रहता है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के दौरान यहां पहले से ही वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में सड़क के बिल्कुल नजदीक खड़े दोपहिया वाहन जाम की स्थिति को और गंभीर बना देते हैं। साथ ही, सड़क संकरी होने के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एटीएम पर आने वाले दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों को भी वाहन खड़े होने के कारण अंदर जाने में कठिनाई होती है। उल्लेखनीय है कि इस स्थान पर पुलिस या प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की अधिकृत पार्किंग निर्धारित नहीं की गई है, इसके बावजूद प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन आड़े-टेढ़े तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस संबंध में यातायात शाखा प्रभारी को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि यहां ‘नो पार्किंग के स्पष्ट संकेतक लगाए जाएं, नियमित यातायात निगरानी की जाए और अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर आमजन को राहत दिलाई जाए।
