– साक्ष्य मिटाने, मानसिक प्रताड़ना और एक्सपायरी सामान बिकवाने का आरोप
हनुमानगढ़। वीडब्ल्यू मार्ट में कार्यरत एक मैनेजर ने कंपनी प्रबंधन पर वेतन रोकने, झूठा चोरी का आरोप लगाने, ईमेल रिकॉर्ड डिलीट कर साक्ष्य नष्ट करने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए सोमवार को टाउन पुलिस थाना में परिवाद प्रस्तुत कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। टिब्बी तहसील के गांव मल्लड़खेड़ा निवासी मंगा सिंह पुत्र नंद सिंह ने पुलिस को दिए परिवाद में बताया कि वह टाउन में जंक्शन रोड स्थित सीसीएम मार्केट में वीडब्ल्यू मार्ट (वेजेस वाला प्राइवेट लिमिटेड) में मैनेजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी के नियमानुसार प्रत्येक माह की 7 तारीख को वेतन दिया जाता है, लेकिन इस माह नियत तिथि बीतने के 13 दिन बाद भी उनका वेतन जारी नहीं किया गया। परिवाद के अनुसार जब उन्होंने अपने बकाया वेतन के संबंध में कंपनी प्रबंधन से बात की तो प्रदीप नामक व्यक्ति ने उन पर करीब 1.50 लाख रुपए का माल चोरी करने का कथित रूप से झूठा आरोप लगा दिया। मंगा सिंह का आरोप है कि उन्होंने समय-समय पर स्टॉक का पूरा विवरण ईमेल के माध्यम से कंपनी को भेजा था, लेकिन कंपनी से जुड़े जतिन कुमार, सुरेंद्र, दीपक और प्रदीप कौशिक ने मिलीभगत कर उन ईमेल रिकॉर्ड को डिलीट कर साक्ष्य नष्ट कर दिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन पर दबाव बनाकर एक्सपायरी हो चुका स्टॉक बाजार में बिकवाया गया तथा लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित और ब्लैकमेल किया गया। परिवाद में पुलिस से आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, बकाया वेतन दिलाने तथा डिलीट किए गए ईमेल रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें रिकवर कराने की मांग की गई है।
