हनुमानगढ़। कबूतर चोरी के विवाद को लेकर एक नाबालिग पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में घायल 16 वर्षीय किशोर को गंभीर चोटें आई हैं और हाथ में फ्रैक्चर होने पर उसे हनुमानगढ़ रेफर किया गया। जंक्शन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में संगरिया थाना क्षेत्र के गांव किकरवाली निवासी 43 वर्षीय अलीशेर पुत्र मोहम्मदीन ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार 20 मई को सुबह करीब 10.30 बजे गांव के भूरा और असलम पुत्र हुकमदीन उनके घर से 8 कबूतर चोरी कर ले गए। इस बात का पता उनके 16 वर्षीय पुत्र इनामउल्ला को चला तो उसने आरोपियों को टोका। आरोप है कि इसके बाद भूरा, असलम, हुकमदीन पुत्र रहमत अली, हजूरा पत्नी हुकमदीन सहित अन्य लोग एक राय होकर उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चले गए। रिपोर्ट के अनुसार उसी दिन करीब 11.30 बजे इनामउल्ला चक 1 केकेडब्ल्यू एमएमके नहर के पटड़े पर नहा रहा था। इसी दौरान भूरा, असलम, हुकमदीन तथा 2-3 अन्य व्यक्ति लोहे की रॉड लेकर वहां पहुंचे और किशोर पर हमला कर दिया। परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से लोहे की रॉडों से हमला किया, जिससे किशोर के हाथ, उंगलियों और पैरों पर गंभीर चोटें आईं तथा हाथ में फ्रैक्चर हो गया। घटना के दौरान आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को राजकीय चिकित्सालय संगरिया लेकर गए, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। परिवादी ने घटना की वीडियो फुटेज भी होने की बात कही है। मामले में पुलिस ने बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल मेजर सिंह को सौंपी है।
