हनुमानगढ़। विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप सही करियर दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय जैन संगठन द्वारा ‘करियर कम्पास’ कार्यक्रम का आयोजन श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक, हनुमानगढ़ में किया गया। यह कार्यक्रम फाउंडेशन प्रोग्राम श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को करियर से जुड़े अहम पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार उचित करियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करना रहा। इस दौरान शिक्षा के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं, उभरते करियर विकल्पों और भविष्य में मिलने वाले अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। चाणक्य इंस्टिट्यूट के निदेशक राज तिवाड़ी ने सरकारी सेवाओं में प्रवेश की प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तकनीकी और व्यावसायिक क्षेत्रों में भी आज व्यापक अवसर मौजूद हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रारंभिक स्तर से ही लक्ष्य निर्धारित कर नियमित तैयारी करने की सलाह दी। एसकेडी विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव डॉ. सुनील बिरट ने नई शिक्षा नीति के तहत कौशल आधारित शिक्षा को मिल रही प्राथमिकता पर जानकारी देते हुए विभिन्न पाठ्यक्रमों और उनसे जुड़े करियर अवसरों को साझा किया।

राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रवक्ता जसवंत कुमावत ने कहा कि वर्तमान समय में डिप्लोमा पाठ्यक्रम रोजगारपरक शिक्षा प्रदान कर रहे हैं और तकनीकी क्षेत्र में पर्याप्त अवसर उपलब्ध हैं। वहीं श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक के शैक्षणिक निदेशक आनंद जैन ने छात्राओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी क्षेत्र और स्वरोजगार की संभावनाओं के बारे में बताते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ऋषभ चोरड़िया और पुनीत जैन ने भी विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक क्षेत्रों की जानकारी दी। भारतीय जैन संगठन हनुमानगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष विजय लुनावत ने सभी विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सही मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने करियर को बेहतर दिशा दे सकते हैं और ऐसे आयोजन भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर संरक्षक प्रकाश जैन, सुरेन्द्र कोठारी, विवेक जैन, जीतेन्द्र मरोठी, ज्ञानचंद कुहाड़, प्राचार्य दिव्या शर्मा, विभागाध्यक्ष मोनिका चावला, नवजोत कौर, ज्योति सहित अनेक विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को न केवल करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य की दिशा तय करने के लिए प्रेरित भी किया।
