हनुमानगढ़। जिला कलक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। जिला कलक्टर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए एक संदेश में कलक्ट्रेट परिसर में बम रखे होने का दावा किया गया, साथ ही 12.15 बजे विस्फोट करने की चेतावनी दी गई। धमकी मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं। एहतियात के तौर पर कलक्ट्रेट परिसर को तत्काल खाली करवा लिया गया।

कार्यवाहक जिला कलक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, नगर परिषद आयुक्त सहित अधिकारी-कर्मचारी भवन से बाहर आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचकर चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी में जुट गईं। शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं होने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। सुरक्षा के मद्देनजर कलक्ट्रेट के मुख्य गेटों पर ताले लगाकर बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई। आसपास के क्षेत्र में भी पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी देने वाले ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है और साइबर स्तर पर जांच जारी है।

कार्यवाहक जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीना ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे नोएडा से एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें विषैले पदार्थ साइनाइड से भरे ड्रम कलक्ट्रेट में रखने का दावा किया गया था। यह ईमेल प्रदेश के सभी जिला कलक्टरों को संबोधित था। ईमेल में 12.15 बजे विस्फोट की चेतावनी देते हुए परिसर खाली करने को कहा गया था और इसे मजाक में न लेने की बात लिखी गई थी। उन्होंने बताया कि ईमेल मिलते ही तत्काल एसपी और एएसपी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस अधिकारी, जाप्ता और विशेषज्ञ दल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए। उम्मेदीलाल मीना के अनुसार हालांकि, बार-बार इस तरह की धमकियां मिलने के बावजूद प्रशासन हर बार इसे गंभीरता से लेते हुए पूरी सतर्कता के साथ जांच करवा रहा है।
