– गेहूं खरीद अवधि बढ़ाने, बारदाना उपलब्ध कराने और जनसमस्याओं के समाधान की मांग
हनुमानगढ़। गेहूं खरीद अवधि बढ़ाने व बारदाना उपलब्ध करवाने सहित किसान हितों से जुड़े अन्य मुद्दों और जनसमस्याओं को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले जिले भर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट के समक्ष प्रधानमंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर विरोध जताया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। प्रदर्शन के दौरान संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया के बैरिकेडिंग से नीचे गिरने की घटना के बाद कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। मौके पर कुछ बैरिकेडिंग भी टूट गई, जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और पार्टी पदाधिकारियों ने स्थिति को संभाल लिया। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के नाम उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। उपखण्ड अधिकारी प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और ज्ञापन प्राप्त किया। ज्ञापन में किसानों के लिए गेहूं खरीद की अंतिम तिथि 30 जून तक बढ़ाने, खरीद पोर्टल को तत्काल शुरू करने तथा मंडियों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध करवाने की मांग की गई। कांग्रेस ने ज्ञापन में पिछले दो वर्षांे से लंबित किसानों की डिग्गियों की अनुदान राशि जारी करने, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण करने तथा आमजन को राहत देने की मांग भी उठाई।

साथ ही पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को लंबित किस्तों का शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई, ताकि अधूरे पड़े मकानों का निर्माण पूरा हो सके। ज्ञापन में मनरेगा के तहत श्रमिकों को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने, नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक एवं धांधली की निष्पक्ष जांच कराने तथा सीबीएसई में कथित अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की गई। इसके अलावा किसान आंदोलन के दौरान पीलीबंगा में किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनाव शीघ्र कराने तथा जिले में बिजली और पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद जिले में लगातार बिजली कटौती हो रही है और कई क्षेत्रों में दूषित पेयजल की आपूर्ति से आमजन परेशान हैं। प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, पूर्व जिला प्रमुख कविता मेघवाल तथा पीसीसी सदस्य सोहन सिंह ढिल, पूर्व प्रधान जयदेव भिड़ासरा, पूर्व पार्षद गुरदीप चहल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कटी कई कांग्रेसियों की जेब
प्रदर्शन के दौरान कुछ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की जेब कटने की भी सूचना सामने आई है। कार्यकर्ता अनूप निवासी सेक्टर नम्बर छह ने बताया कि उसके कुर्ते की साइड की जेब में आठ हजार रुपए थे जो किसी असामाजिक तत्व ने प्रदर्शन के दौरान निकाल लिए। जबकि उसके पिता की जेब से भी साढ़े चार हजार रुपए चोरी हो गए। उसके अलावा भी कई अन्य कार्यकर्ताओं की जेबों से रुपए निकाल लिए गए। कार्यकर्ताओं ने जिला कलक्ट्रेट के सामने और पुलिस जाप्ते की मौजूदगी में इस तरह की घटनाओं को प्रशासन का फेलियर बताया। उन्होंने पुलिस ने अज्ञात चोरों का पता लगाकर रुपए बरामदगी की मांग की।
