– टाउन के वार्डों से पहुंचे दावेदारों ने चौधरी विनोद कुमार को सौंपे आवेदन, पार्टी बोली—सर्वे के आधार पर तय होंगे जिताऊ चेहरे
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट की दावेदारी को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन टाउन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से टिकट की दावेदारी जताने वाले लोगों का जंक्शन स्थित पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के निवास पर जमावड़ा लगा रहा। दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और पार्टी नेताओं के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। इससे पहले रविवार को जंक्शन क्षेत्र के 30 वार्डों से दावेदारों ने कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन किए थे। सोमवार को टाउन क्षेत्र के वार्डों से दावेदारी जताने वाले लोगों ने पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार सहित अन्य पार्टी नेताओं से मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की। इस दौरान पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार, पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, देहात अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू, कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक सहित पार्टी के अन्य नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

तीन-चार से अधिक दावेदार, सहमति बनाने की कवायद
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने बताया कि प्रत्येक वार्ड से तीन-चार या इससे अधिक आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। सभी दावेदारों से आपसी सहमति बनाकर एक नाम तय करने का प्रयास करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर पर प्रत्येक वार्ड में सर्वे भी करवाया जा रहा है और टिकाऊ एवं जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देने पर जोर रहेगा। उन्होंने कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल को खारिज करते हुए कहा कि सभी नेता अपनी-अपनी सीमा में रहकर उन्हें सौंपे गए दायित्व के अनुसार काम कर रहे हैं।
विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ने का दावा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी नगर परिषद चुनाव विकास के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय चौधरी विनोद कुमार के विधायक रहते शहर में अनेक विकास कार्य हुए। उनका कहना था कि सरकार की अनुशंसा के बिना कोई बड़ा विकास कार्य संभव नहीं होता।
निकाय-पंचायती राज चुनाव में देरी पर सरकार को घेरा
पंचायती राज चुनाव में देरी के सवाल पर जिनेन्द्र जैन ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि निकाय एवं पंचायती राज चुनाव में सरकार की ओर से करीब ढाई वर्ष की देरी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को जनता से किए गए वादों पर खरा नहीं उतरने का डर था और इसी वजह से चुनाव करवाने की मंशा नहीं थी। उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेशों के चलते सरकार को चुनाव करवाने पड़ रहे हैं।
बागी उम्मीदवारों पर भी पार्टी की नजर
जिनेन्द्र जैन ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बागी के तौर पर आवेदन करता है तो आवेदन करने का अधिकार सभी को है, लेकिन टिकट देना या नहीं देना पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का निर्णय होगा। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी का कोई पदाधिकारी कांग्रेस छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ता है तो यह पार्टी के साथ कुठाराघात माना जाएगा। ऐसे मामलों में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष को निर्णय लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को अवगत करवाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि शहर के लोगों में कांग्रेस के प्रति रुझान बना हुआ है और इस बार कांग्रेस नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाने में सफल होगी।
