हनुमानगढ़। टाउन में भटनेर दुर्ग के पास स्थित सोरगर मोहल्ले के निवासियों ने सोमवार को टाउन पुलिस थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर एक किराएदार परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मोहल्लेवासियों ने आरोप लगाया कि परिवार की गतिविधियों के कारण क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है तथा स्थानीय लोगों में असुरक्षा का वातावरण बन गया है। उन्होंने बताया कि मनोज पुत्र भूराराम, उसकी बहन निशा तथा उनकी माता पिछले करीब डेढ़ वर्ष से मोहल्ले के एक मकान में किराए पर रह रहे हैं। आरोप है कि परिवार के सदस्यों का व्यवहार मोहल्लेवासियों के प्रति अभद्र है और उन्हें समझाने का प्रयास करने पर गाली-गलौज, झगड़ा तथा मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। साथ ही झूठे मुकदमों में फंसाने और बाहरी लोगों को बुलाकर नुकसान पहुंचाने की धमकियां देने का भी आरोप लगाया गया है। मोहल्लेवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित मकान पर देर रात तक संदिग्ध लोगों का आना-जाना रहता है, जिससे क्षेत्र की शांति एवं महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। उनका कहना है कि कई बार पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना देकर पुलिस भी बुलानी पड़ी, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इस संबंध में पूर्व में भी दो बार पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। मोहल्लेवासियों ने थाना प्रभारी से संबंधित परिवार से मकान खाली करवाने तथा झगड़ा, धमकी और कानून व्यवस्था प्रभावित करने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर कमला, मंगतराम, बन्तो, मूर्ति देवी, शमली देवी, लीला देवी, पंकज, बबलू, नन्दाराम सहित कई मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
