हनुमानगढ़। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान किसान नेता कामरेड मंगेज चौधरी की गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को नौजवान सभा और सीटू के कार्यकर्ताओं ने डबली राठान पुलिस चौकी के बाहर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि मंगेज चौधरी सहित अन्य नेताओं को शीघ्र रिहा किया जाए।कार्यकर्ताओं ने बताया कि किसान नेता कामरेड मंगेज चौधरी रविवार को मुख्यमंत्री से कानून व्यवस्था और जनसमस्याओं को लेकर बातचीत करने तथा अपना विरोध दर्ज कराने हनुमानगढ़ आ रहे थे। इसी दौरान उन्हें रास्ते में टीबी तहसील क्षेत्र में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और फिलहाल उन्हें पुलिस थाने में रखा गया है। इस कार्रवाई को लेकर कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी के समक्ष नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिले भर में अनावश्यक दबाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा है। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर किसान नेता की तत्काल रिहाई की मांग की। इस अवसर पर एडवोकेट रघुवीर वर्मा ने कहा कि यह घटना लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरे जिले में दमनात्मक रवैया अपना रहा है। कर्मचारियों और महिलाओं तक को अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है, जबकि जनता की मूलभूत समस्याओं की ओर राज्य सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जिले के फेफाना, नोहर, गोगामेड़ी, गोलूवाला और भादरा सहित कई क्षेत्रों में लोग विभिन्न मांगों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन जिला प्रशासन और राज्य सरकार इन मुद्दों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है।

ऐसे में जनप्रतिनिधियों और किसान नेताओं को अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अधिकार है, लेकिन उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कामरेड मंगेज चौधरी और अन्य नेताओं को शीघ्र रिहा नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान दिनेश मजोका, विनोद वर्मा एडवोकेट, लाल सिंह बावरी, गुरुदेव बावरी, पप्पू सिंह, हरिराम मास्टर, मलकीत बांदड़ा, सरवन मास्टर, भोला सिंह सहित बड़ी संख्या में नौजवान सभा और सीटू के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
