संगरिया। केआर कॉन्वेंट स्कूल, संगरिया में विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर एक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक अमन शर्मा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “पहला सुख निरोगी काया” होता है। उन्होंने बताया कि जीवन का वास्तविक आनंद तभी लिया जा सकता है जब हम स्वस्थ हों। वर्तमान समय में जेनेटिक्स, संक्रमण के साथ-साथ लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, ऐसे में विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाने का महत्व और भी बढ़ जाता है।

अध्यापिका मीनाक्षी शर्मा ने विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि दुनिया को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हर वर्ष 7 अप्रैल को वैश्विक स्तर पर विश्व स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को उजागर करना है। कार्यक्रम के दौरान कक्षा दो के नन्हे विद्यार्थियों अर्पिता, तेजिंदर सिंह, रशमीत और ध्रुव ने भी अपने संदेश के माध्यम से सभी को फास्ट फूड से दूर रहने, नियमित व्यायाम करने तथा संतुलित आहार अपनाने की प्रेरणा दी। स्कूल के सचिव राजेश गोदारा ने बच्चों को मोबाइल गेम्स से दूर रहकर आउटडोर गेम्स खेलने तथा मानसिक और बौद्धिक विकास करने वाले व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प दिलाया गया।
