हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय ने ईदगाह और मस्जिदों में विशेष नमाज अदा कर अमन-चैन की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। हिंदू समुदाय के लोगों ने भी मुस्लिम भाईयों को ईद की बधाई दी, जो एकता और आपसी प्रेम का प्रतीक बना। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। नमाज से पहले जिन लोगों ने फितरा (दान) अदा नहीं किया था, उन्होंने अपनी फितरे की रकम अदा कर अपनी धार्मिक जिम्मेदारी निभाई।

टाउन में भद्रकाली सड़क मार्ग स्थित कब्रिस्तान की ईदगाह में हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा कर अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी। ईदगाह में जामा मस्जिद के इमाम मोहम्मद अली ने नमाज अदा कराई और अपने खुत्बे में इंसानियत, भाईचारे और देशप्रेम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इंसान को अल्लाह के रास्ते पर चलते हुए समाज और देश की तरक्की में अपना योगदान देना चाहिए। साथ ही मुल्क में शांति, सौहार्द और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। नमाज के बाद पूरे माहौल में देशभक्ति का जज्बा देखने को मिला, जब नमाजियों ने हिंदुस्तान जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाए।

इसके बाद सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी, जिससे आपसी प्रेम और सद्भाव की मिसाल कायम हुई। इस दौरान ईदगाह परिसर में अनुशासन और श्रद्धा का माहौल बना रहा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और हर गतिविधि पर नजर बनाए रखी। नमाज संपन्न होने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने टाउन पुलिस और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर जामा मस्जिद के प्रधान अमजद खान चायनान, साजिद खान, रिजवान खान, अकरम खान, जहांगीर खान, इमरान खान, अजहर खान, अफजल खान, आसिफ खान, रज्जाक खान, सोहेल खान, समर खान, शाहिद खान, रॉयल खान, उस्मान खान, मुबारिक अली सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक और नमाजी मौजूद रहे।
