– हर विद्यालय में 10 खेल संचालित करने के जिला कलक्टर के निर्देशों का प्रभाव
हनुमानगढ़। गांव जोड़कियां स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेल संस्कृति को भी नई पहचान दी जा रही है। विद्यालय में इन दिनों जिला स्तरीय विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही हैं। पहले चार सितम्बर से प्रस्तावित प्रतियोगिताओं को अब अगस्त माह में आयोजित किए जाने की संभावना के चलते खिलाड़ी अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। विद्यालय में एथलेटिक्स, वुशू और हॉकी सहित विभिन्न खेलों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। वुशू खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए बाहरी विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सेवाएं ली गई हैं, जबकि हॉकी की अंडर-14 टीम लगातार मैदान पर पसीना बहा रही है। विद्यालय के पास अंडर-17 हॉकी टीम भी उपलब्ध है, जिससे इस वर्ष भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। जिला कलक्टर के निर्देशानुसार प्रत्येक विद्यालय में कम से कम 10 विभिन्न खेलों का संचालन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसी क्रम में जोड़कियां पीएमश्री विद्यालय में भी इनडोर और आउटडोर खेलों की संख्या बढ़ाकर लगभग दस खेल नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। विद्यालय में हर महीने तीसरे और चौथे शनिवार को विशेष खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि और प्रतिस्पर्धात्मक भावना विकसित हो रही है। विद्यालय के प्राचार्य पवन कौशिक ने बताया कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक और बौद्धिक विकास की भी मजबूत आधारशिला हैं। उनका कहना है कि खेलों से जुड़ने वाले विद्यार्थी पढ़ाई में भी अधिक रुचि लेते हैं और विद्यालय आने के प्रति उनका आकर्षण बढ़ता है। यही कारण है कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी समान महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएमश्री योजना के तहत सरकार से मिल रहे सहयोग के कारण विद्यालय में खेल संसाधनों का विस्तार किया गया है। खेलकूद कक्ष की स्थापना की गई है और खेल मैदानों का भी विकास किया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। विद्यालय का खेलों में प्रदर्शन भी लगातार बेहतर रहा है। हॉकी में टीम कई बार क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल तक पहुंच चुकी है तथा हर वर्ष दो से तीन खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय टीम में होता रहा है। वहीं, पिछली वुशू प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ पदक अपने नाम किए थे। विद्यालय प्रबंधन का विश्वास है कि बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाओं और खिलाड़ियों के उत्साह के दम पर इस वर्ष भी जोड़कियां पीएमश्री विद्यालय जिला ही नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएगा।
