हनुमानगढ़। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से राशि सीड्स कंपनी की ओर से संचालित नि:शुल्क चिकित्सा वाहन को बुधवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर उम्मेदीलाल मीना, भाजपा के विधानसभा प्रत्याशी अमित सहू, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक प्रमोद यादव, व्यापारी सुरेन्द्र बलाड़िया, राशि सीड्स के एरिया मैनेजर नन्दकिशोर पूनिया तथा रीजनल क्रॉप प्रबंधक भंवरलाल चौधरी ने वाहन को रवाना किया। कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा वाहन में मौजूद स्वास्थ्य टीम की ओर से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बीपी, शुगर सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की गई। उपस्थित लोगों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की इस पहल की सराहना की। राशि सीड्स कंपनी के नॉर्थ राजस्थान इंचार्ज नन्दकिशोर पूनिया ने बताया कि कंपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत यह सेवा संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि राशि सीड्स एक बीटी कॉटन कंपनी है, जिसकी स्थापना वर्ष 1973 में तमिलनाडु के कोयम्बटूर में हुई थी। पूनिया ने बताया कि चिकित्सा वाहन के माध्यम से जिले के गांव-गांव में जाकर लोगों की नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण भी किया जाएगा। वाहन में प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहेंगे, जो ग्रामीणों की शुगर, ब्लड प्रेशर और अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांचें नि:शुल्क करेंगे। उन्होंने कहा कि कंपनी का प्रयास जिले के अधिकतम गांवों तक पहुंचकर ग्रामीणों को प्रारंभिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि समय रहते बीमारियों की पहचान हो सके और लोगों को उपचार के लिए जागरूक किया जा सके। पूनिया ने बताया कि इससे पूर्व वर्ष 2021 में भी कंपनी ने एक वर्ष तक इसी प्रकार का नि:शुल्क चिकित्सा वाहन अभियान संचालित किया था, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छा प्रतिसाद मिला था। उसी अनुभव के आधार पर एक बार फिर यह पहल शुरू की गई है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कंपनी प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। आयोजन के दौरान ग्रामीण स्वास्थ्य जागरूकता और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।
