हनुमानगढ़। गुड डे डिफेंस स्कूल, न्यू सैनिक स्कूल की ओर से श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में ‘विक्टर्स ऑनर’ स्पोर्ट्स अवॉर्ड समारोह आयोजित किया गया। समारोह में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के करीब 135 खिलाड़ियों को मेडल, ट्रॉफी और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा। समारोह में मुख्य अतिथि एएसपी अरविंद बिश्नोई, विशिष्ट अतिथि डीएसपी करण सिंह, अर्जुन अवॉर्डी संदीप मान, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, जीएसटी डिप्टी कमिश्नर रवि दाधीच, अंतरराष्ट्रीय जूडो कोच अभयजीत तथा सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला मौजूद रहे। विद्यालय के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, लॉन टेनिस, क्रिकेट, तैराकी, बास्केटबॉल और घुड़सवारी सहित विभिन्न खेलों में उपलब्धियां हासिल कीं। मयंक ने एथलेटिक्स में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक, मीठी ने अंडर-19 बॉक्सिंग में कांस्य और आलोक कुमार ने अंडर-14 आर्म रेसलिंग में राष्ट्रीय कांस्य पदक प्राप्त किया। सूर्यकांत व सूर्यप्रताप ने अंडर-17 लॉन टेनिस, सौरभ कुमार ने अंडर-14 जूडो व कुश्ती, आयुष कुमार ने अंडर-14 जूडो तथा रयना ने अंडर-19 बॉक्सिंग में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई किया। राज्य एवं अन्य प्रतियोगिताओं में सौरभ कुमार ने जूडो और कुश्ती में उपलब्धियां हासिल करने के साथ सीबीएसई बेस्ट जोन प्रतियोगिता के अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। आयुष कुमार ने जूडो में रजत, पर्ल जुनेजा ने अंडर-14 लॉन टेनिस में स्वर्ण, साहिल ने अंडर-17 बॉक्सिंग में रजत और पुलकित ने अंडर-17 जूडो में कांस्य पदक हासिल किया। क्रिकेट में कुशाग्र और अनिश कुशवाह ने रजत पदक प्राप्त किया। विद्यालय की टीमों ने अंडर-14 एथलेटिक्स, बास्केटबॉल व जूडो, अंडर-17 बालिका तैराकी व बॉक्सिंग, बालक क्रिकेट, अंडर-19 बालक-बालिका घुड़सवारी तथा बालिका बास्केटबॉल व बॉक्सिंग में चैंपियनशिप हासिल की।
लक्ष्य के प्रति समर्पण से मिलती है सफलता
मुख्य अतिथि एएसपी अरविंद बिश्नोई ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति गंभीरता और निरंतर मेहनत से सफलता मिलती है। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए रोजगार और सरकारी सेवाओं के अवसर भी उपलब्ध हैं, इसलिए पढ़ाई के साथ खेलों में भागीदारी जरूरी है। श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। संस्था के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ खेलों में आगे बढ़ने के अवसर देना संस्था का उद्देश्य है। अर्जुन अवॉर्डी संदीप मान ने नियमित अभ्यास, दृढ़ संकल्प और हार से सीख लेकर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला ने कहा कि खेलों से अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। जीएसटी डिप्टी कमिश्नर रवि दाधीच ने सफलता के लिए त्याग, कठिन परिश्रम और दिनचर्या में संतुलन को जरूरी बताया। इस मौके पर संस्था के निदेशक विंग कमांडर जीडी शर्मा, प्रशासक अनुराग छाबड़ा, एनडीए निदेशक मनोज कुमार, प्राचार्य अनामिका गौड़, हॉस्टल निदेशक एलपी जैन सहित एनसीसी सदस्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे। मंच संचालन अनुरिका ने किया।
