हनुमानगढ़। जिले के गोलूवाला क्षेत्र के गांव 3 एचडीपी में शुक्रवार दोपहर एक गैराज में अचानक भीषण आग लगने से दो युवक गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए श्रीगंगानगर रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में हेमराज (36) पुत्र बुधराम पूनिया तथा पवन (19) पुत्र जगदीश सिहाग आग की चपेट में आ गए। घटना के तुरंत बाद दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर के समय गैराज में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं।

आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया। तहसीलदार रामनरेश मीणा तथा गोलूवाला थाना प्रभारी तेजवंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि एक बार आग फिर से भड़क उठी, जिसके बाद दमकलकर्मियों और ग्रामीणों को दोबारा प्रयास करने पड़े। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आबादी क्षेत्र में बने इस गैराज में बायो डीजल और सामान्य डीजल जैसे ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। फिलहाल प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
