– झुलसने वालों में गैस एजेंसी के दो कर्मचारी भी शामिल
हनुमानगढ़। टाउन क्षेत्र में रविवार को घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में गैस एजेंसी के दो कर्मचारियों समेत पांच लोग झुलस गए। सभी घायलों को राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार यह हादसा टाउन की नई आबादी स्थित गली नंबर 2 में हुआ। यहां निवासी मुकेश के घर में गैस सिलेंडर से लीकेज की समस्या थी, जिसकी शिकायत उन्होंने गैस एजेंसी में दर्ज करवाई थी। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी कर्मचारी सोहनलाल और रेशम सिंह सिलेंडर की जांच के लिए मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान अचानक सिलेंडर में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आकर कर्मचारी सोहनलाल और रेशम सिंह के अलावा गृहस्वामी मुकेश, उनके भाई विनय और भाभी डिंपल झुलस गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार रेशम सिंह, मुकेश और डिंपल की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा गैस लीकेज के कारण हुआ। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
