-फाटक गौशाला में धार्मिक आयोजन, अमावस्या पर हवन यज्ञ संपन्न
हनुमानगढ़। बरकत कॉलोनी स्थित फाटक गौशाला परिसर में अमावस्या के पावन अवसर पर विशेष हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। यह धार्मिक अनुष्ठान गौशाला समिति द्वारा बीमार, दुर्घटनाग्रस्त और असहाय गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा उनके कल्याण की भावना से संपन्न कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित रामप्रकाश शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक हवन पूजन से करवाई। हवन यज्ञ में उपस्थित गोभक्तों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित कर गोसेवा के इस पुण्य कार्य में भागीदारी निभाई। फाटक गौशाला समिति के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कि गौशाला में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ऐसे गोवंश लाए जाते हैं जो घायल, बीमार या पूरी तरह असहाय अवस्था में होते हैं। इन गोवंश की चिकित्सा, सेवा और देखभाल का कार्य समाज के सहयोग से किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग के बिना इस प्रकार की सेवा संभव नहीं है और समाज के सहयोग से ही गोसेवा का यह कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि फाटक गौशाला परिसर में 19 और 20 मार्च 2026 को श्री भगतमाल कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी, जिसमें प्रवचन माँ चेतन्य मीरा के मुखारविंद से होंगे। कथा के दौरान श्री हनुमंत चरित्र के साथ भक्त प्रवर नरसी के चरित्र का भी भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा। संगीतमय सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होगा। आज आयोजित हवन यज्ञ में रजत शर्मा, सरला शर्मा, सुमन पारीक, उर्मिला बजाज, तुलसी, स्नेह जिंदल, रमा, जानकी देवी, विमल देवी, रिंकू शाक्य, ललित खदरिया और रीता चावला सहित अनेक गोभक्तों ने भाग लिया। सभी ने गोवंश के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और गौशाला की निरंतर प्रगति की कामना की। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया तथा गौशाला समिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। गौशाला द्वारा किया जा रहा यह सेवा कार्य समाज में गोसेवा और करुणा की भावना को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है।
