
हनुमानगढ़। भटनेर पर्यावरण विरासत संरक्षण एवं गो सेवा समिति टाउन की ओर से बेसहारा गोवंश को गुड़ खिलाने के कार्य का शुभारंभ मंगलवार रात्रि को किया गया। इस मौके पर रमन सर्राफ, राधेश्याम, मोन्टी मुंडेवाला, महादेव भार्गव, गगन सिंगला, नवीन सर्राफ सहित समिति के अन्य सदस्य तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समिति सचिव एडवोकेट जगदीश गुप्ता ने बताया कि समिति पिछले 10 वर्षांे से लगातार रात्रि नौ बजे के पश्चात शहर की सड़क व चौराहों पर कड़ाके की ठंड में विचरण करने वाले बेसहारा गोवंश को गुड़ खिलाने का कार्य कर रही है। इस कार्य में 50 वर्ष से ऊपर के गणमान्य व युवा अपना योगदान दे रहे हैं।

यह बहुत ही नेक कार्य है। यह कार्य जन सहयोग से किया जा रहा है। शहर के गो भक्त व यहां से बाहर जाकर रहने वाले गोभक्तों की ओर से भी इस कार्य में सहयोग किया जा रहा है। रमेश काठपाल ने कहा कि गो सेवा बहुत बड़ी नेक सेवा है। प्रत्येक व्यक्ति को गो सेवा के लिए दान-पुण्य करते रहना चाहिए। इससे परिवार के दुख, दर्द व रोग कटते हैं व सुख-शांति तथा समृद्धि भी आती है। पवन गर्ग व कमल राजगढ़िया ने बताया कि करीब 1 क्विंटल 50 किलोग्राम गुड़ रोजाना रात्रि को समिति के सदस्यों की ओर से बेसहारों गोवंश को खिलाया जा रहा है। समिति के मोहन शर्मा, अरुण खदरिया, अनिल लखीसरानी, पंकज ज्ञानवाणी ने बताया कि उनकी टीम धान मंडी, सरकारी अस्पताल, रामदेव मंदिर, बिश्नोई धर्मशाला तक, अशोक मदन, राजू रहेजा, अश्विनी डूमरा व ओमप्रकाश गिरधर की ओर से किरयाना भवन, ट्रैफिक थाना, लालाजी चौक, पंचायत समिति, बड़ौदा बैंक, जाकिर हुसैन पार्क होते हुए किरयाना भवन तक, राजेंद्र लखीसरानी, नीरज वाढवानी और लोकेश ज्ञानवाणी आदि की ओर से दीनार सिनेमा रोड, सब्जी मंडी, हिसारिया मार्केट, बस स्टैंड आदि क्षेत्र में निराश्रित गोवंश को गुड़ खिलाने का कार्य किया जा रहा है।

पवन पारीक, बजरंग सिंह शेखावत, लविश नारंग ने बताया कि नगर परिषद, शनिदेव मंदिर, ठाकुर जी का मंदिर, गुड़ मंडी, पुलिस कॉलोनी, बरकत कॉलोनी, पंजाबी मोहल्ला, राम सिंह कॉलोनी, भभूता सिद्ध कॉलोनी, नई आबादी आदि क्षेत्र में भी गो सेवा के लिए कार्य जारी है। समिति अध्यक्ष पुरुषोत्तम दादरी, सतीश बंसल व दर्शन गर्ग ने गोभक्तों से आग्रह किया कि वे भी गोसेवा के इस कार्य में सहयोग करें।
