हनुमानगढ़। प्रदेश में लंबे समय से बंद पड़े छात्रसंघ चुनावों की बहाली की मांग को लेकर आज एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष रोहित जावा मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इससे पहले ही प्रशासन ने उन्हें डिटेन कर लिया। इस कार्रवाई के बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखा गया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि प्रदेश सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों की आवाज होते हैं, लेकिन सरकार उन्हें बहाल करने के बजाय आंदोलन की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। वहीं पल्लू छात्रसंघ अध्यक्ष विकाश चौधरी ने भी प्रशासन की कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि सरकार छात्र हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव बहाल करवाने के लिए एनएसयूआई लगातार संघर्ष करती रहेगी। एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि यदि सरकार जल्द ही छात्रसंघ चुनावों को बहाल नहीं करती है, तो संगठन द्वारा प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी रोष है और उन्होंने सरकार से लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की मांग की है।
