हनुमानगढ़। राज्य सरकार के महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जंक्शन स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला कांस्टेबलों ने सिलाई एवं ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं और युवतियों को महिला सुरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आपातकालीन सहायता के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों के मोबाइल फोन में राजकोप सिटीजन एप डाउनलोड करवाया गया।

साथ ही उन्हें 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सहायता), 1090 सहित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की सदस्यों ने बताया कि ट्रेन में यात्रा करने वाली महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा के लिए 182 रेलवे हेल्पलाइन उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि ट्रेन में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर इस नंबर पर कॉल करने से रेलवे पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराती है। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

महिला कांस्टेबल माया ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। यूनिट में कुल 12 महिला कांस्टेबल कार्यरत हैं, जिनमें छह जंक्शन और छह टाउन क्षेत्र में तैनात हैं। प्रत्येक दो महिला कांस्टेबलों को गश्त के लिए एक-एक स्कूटी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने बताया कि टीम सुबह और शाम दो पारियों में स्कूलों, कॉलेजों, पार्कांे, बाजारों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त करती है। यदि कहीं छात्राओं या महिलाओं से छेड़छाड़ अथवा उन्हें परेशान करने की शिकायत मिलती है तो टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करती है।

कांस्टेबल माया ने बताया कि टाउन क्षेत्र में सेंट्रल पार्क, भटनेर दुर्ग तथा स्कूल-कॉलेजों के बाहर छुट्टी के समय मनचलों की ओर से छात्राओं को परेशान करने की शिकायतें अक्सर मिलती हैं। ऐसे मामलों में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस हेल्पलाइन या कालिका पेट्रोलिंग यूनिट से संपर्क करने की अपील की गई। इस मौके पर संस्थान अनुदेशक अनिल राठौड़, मुकेश भानुशाली, कार्यालय सहायक गणेशराम, रितिक अरोड़ा, विकास कुमार, सूरज कुमार मौजूद रहे।

