हनुमानगढ़। महिला सुरक्षा और छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कालिका पेट्रोलियम यूनिट की ओर से शुक्रवार को करुणा कॉलेज में जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाने के साथ महिला अधिकारों और जरूरत के समय पुलिस सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी गई। सेमिनार के दौरान महिला कांस्टेबल सीता और राजबाला ने छात्राओं के मोबाइल में राजकॉप सिटीजन एप डाउनलोड करवाया और इसके उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरत के समय यह एप पुलिस सहायता प्राप्त करने में उपयोगी हो सकता है। छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े उपायों के प्रति जागरूक रहने और आपात स्थिति में उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। महिला कांस्टेबल मीराबाई और कृष्णा ने छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके बताए। उन्होंने समझाया कि अकेले आते-जाते समय कोई असामाजिक तत्व परेशान करे तो घबराने के बजाय सतर्कता बरतनी चाहिए। ऐसी स्थिति में आसपास के लोगों से मदद लेने, सुरक्षित स्थान की ओर जाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस को सूचना देने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने बताया कि हेयरपिन और सेफ्टी पिन जैसी छोटी वस्तुओं का इस्तेमाल आपात स्थिति में बचाव का प्रयास करने के लिए किया जा सकता है। सेमिनार का उद्देश्य छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और विपरीत परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा के लिए तैयार करना रहा।
