हनुमानगढ़। जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से बुधवार को हनुमानगढ़ जंक्शन पर क्षेत्र की रेल समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेल सेवाओं के संचालन में लगातार हो रही अनदेखी पर रोष व्यक्त करते हुए रेल प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि इसी तरह उपेक्षा जारी रही तो एसोसिएशन आमजन के सहयोग से जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी। बैठक में हनुमानगढ़ जिले से जुड़े विभिन्न रेल मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन ने मांग उठाई कि हनुमानगढ़ से हरिद्वार के लिए एक और ट्रेन शुरू की जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके। इसके साथ ही हनुमानगढ़ से चंडीगढ़ के लिए सीधी ट्रेन चलाने की भी मांग रखी गई। इसके अलावा दिल्ली से ऐलनाबाद, नोहर और भादरा होते हुए इंटरसिटी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रखा गया, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को राजधानी से सीधा और सुगम रेल संपर्क मिल सके। बैठक में सरदारशहर–हनुमानगढ़ रेल लाइन का पुनः सर्वेक्षण करवाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुट होकर क्षेत्र की रेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवाज बुलंद की और निर्णय लिया कि इन मांगों को जल्द ही रेलवे प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष विशु वर्मा, कोषाध्यक्ष प्रदीप मित्तल, महासचिव राजीव मिश्रा, संयोजक प्यारेलाल बंसल, मीडिया प्रभारी आर.के. जोशी, डीआरयूसीसी सदस्य अरुण अरोड़ा, उपाध्यक्ष एवं पूर्व डीआरयूसीसी डिप्टी कंवल शर्मा, सदस्य जोगेंद्र कुमार, कपिल अग्रवाल, रमेश धानका सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
