हनुमानगढ़। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला कमेटी की विस्तृत बैठक मंगलवार को लाल चौक स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में राज्य सचिव मंडल सदस्य दुर्गा स्वामी तथा रामेश्वर वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिले भर से पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और संगठन की आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए दुर्गा स्वामी ने केंद्र व राज्य सरकारों की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि लगातार आम आदमी, युवा, किसान और मजदूर विरोधी फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई नीतियों के माध्यम से जनहित की योजनाओं को कमजोर किया जा रहा है, जिससे गरीब और मेहनतकश वर्ग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि इन नीतियों के खिलाफ संगठित होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष तेज किया जाए। दुर्गा स्वामी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा किए गए अंतरराष्ट्रीय समझौतों का सीधा असर देश के किसानों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे समझौते कृषि क्षेत्र को कमजोर करने वाले साबित हो सकते हैं और छोटे किसानों के सामने आजीविका का संकट खड़ा कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण रोजगार योजनाओं को सीमित करने की कोशिश की जा रही है, जिससे ग्रामीण गरीबों को मिलने वाला रोजगार प्रभावित होगा। रामेश्वर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मजदूरों के अधिकारों पर लगातार प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चार लेबर कोड लागू कर श्रमिकों के वर्षों से हासिल अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार, इससे श्रमिकों की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा के प्रावधानों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की आवाज को दबाने की कोशिशों का जवाब एकजुट आंदोलन से दिया जाएगा। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान चलाने तथा विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा की गई। अंत में पूर्व विधायक बलवान पूनिया ने ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों को जागरूक करें तथा जनहित के मुद्दों पर व्यापक जनसंघर्ष के लिए तैयार रहें। बैठक को मंगेश चौधरी शेर सिंह शकीरा रघुवीर वर्मा ओम जांगू चंद्रकला वर्मा मनीराम मेघवाल सुरेश स्वामी बसंत सिंह चंद्रशेखर भादू सुरेंद्र टीवी अर्जी वर्मा सरबजीत कौर चंद्रकला वर्मा आदि ने विचार रखें बैठक की अध्यक्षता कामरेड आत्मा सिंह ने की आज की बैठक में 119 लोगों ने जिले पर से भाग लिया भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी का एग्जिट था 26 अगस्त 27 फरवरी को हनुमानगढ़ जिले में रहेगा जो पूरे राजस्थान से होता हुआ है यहां पहुंचेगी इसके बाद में 24 मार्च 2026 को नई दिल्ली रामलीला मैदान पर एक विशाल आम सभा होगी।
