हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव जोड़कियां में बुधवार सुबह जमीन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश में एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। खेत से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे रामकुमार थोरी (48) पर कार सवार उसके ही चाचा ने बाहर से बुलाए गए कुछ लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों से रामकुमार पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात बुधवार सुबह करीब 8 से 8.30 बजे के बीच जोड़कियां-चिश्तियां रोड पर हुई। जानकारी के अनुसार रामकुमार बाइक से खेत से घर लौट रहा था। इसी दौरान कार में सवार होकर आए उसके ही चाचा ने कुछ अन्य लोगों के साथ रामकुमार को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर घायल रामकुमार मौके पर गिर पड़ा। घटना की सूचना मिलने पर परिजन व आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे हनुमानगढ़ टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान रामकुमार ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे प्रथम दृष्टया जमीन को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले भी विवाद रहा है और इस संबंध में पूर्व में मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। घटना के बाद जोड़कियां गांव में सनसनी फैल गई। वारदात की सूचना मिलते ही सीओ सिटी मीनाक्षी तथा जंक्शन थाना के कार्यवाहक प्रभारी उप निरीक्षक गजेन्द्र शर्मा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का सामने आया है। पुलिस ने मामले में बाप-बेटे को डिटेन किया है, जबकि बाहर से बुलाए गए लोगों के संबंध में अनुसंधान जारी है। पुलिस वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका और हत्या के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को देखने पर प्रतीत होता है कि रामकुमार के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। उसके पैरों पर अधिक चोटें होना सामने आया है। पुलिस मामले की सभी एंगल से जांच करते हुए फरार आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास में जुटी है।
