जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम विकास अधिकारियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए वरिष्ठ ग्राम विकास अधिकारी के 750 नए पद सृजित करने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों के प्रमोशन के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री का यह संबोधन राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में हुआ, जो मुख्यमंत्री आवास, जयपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के 41 जिलों से सैकड़ों ग्राम विकास अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम विकास अधिकारी गांवों की तरक्की के ‘सारथी’ हैं और वे ग्राम विकास की मुख्य धुरी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये अधिकारी केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं सरपंच रह चुके हैं, इसलिए ग्राम विकास अधिकारियों की जिम्मेदारियों और उनके महत्व को अच्छी तरह समझते हैं। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को राज्य विकास की रीढ़ बताते हुए कहा कि जिस राज्य के कर्मचारी संतुष्ट होते हैं, वह राज्य तेजी से प्रगति करता है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी जायज मांगों का शीघ्र समाधान करेगी। साथ ही पदोन्नति से जुड़े न्यायिक अवरोधों को दूर करने के प्रयास जारी हैं। राजस्थान ग्राम विकास अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष महावीर शर्मा ने मुख्यमंत्री द्वारा 750 नए पदों की घोषणा, 850 रिक्त पदों पर भर्ती, 3467 नए पद सृजन और प्रमोशन के अवसर बढ़ाने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान से कार्यक्षमता में बढ़ोतरी होगी। संघ के प्रदेश महामंत्री शिवराज चौधरी ने बताया कि समारोह में भाग लेने के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी जयपुर पहुंचे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और संघ के पदाधिकारी मुकेश दाधीच, जोगाराम, रमेश खटोटिया, प्रहलाद जाट, कृष्ण कुमार तोमर, बाबूलाल धाबाई, नेम सिंह मीणा, ओमप्रकाश भाकर, अशोक सुथार सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
