-स्वेज फार्म सर्किल पर युवक से मारपीट, डंडे-सरियों से पीटा: पुलिस देख भागे आरोपी
जयपुर। शहर के महेश नगर इलाके में लेन-देन के विवाद को लेकर एक युवक के साथ सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को सड़क पर गिराकर डंडों और सरियों से ताबड़तोड़ वार किए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस के अनुसार रामनगर विस्तार निवासी हरिशंकर ने महेश नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित ने बताया कि वह रात करीब 8:30 बजे स्वेज फार्म सर्किल के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान उसके परिचित राहुल और गौतम अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंच गए। बातचीत के दौरान पुराने लेन-देन को लेकर विवाद हो गया और आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने हरिशंकर को सड़क पर गिराकर डंडों और सरियों से हमला किया। इतना ही नहीं, पास में रखे लोहे के ड्रम और बाल्टी से भी उसकी पिटाई की गई।

सरेआम हो रही मारपीट को देखकर मौके पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। घटना की सूचना मिलने पर महेश नगर थाना पुलिस की चेतक मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। महेश नगर थाना प्रभारी सुरेश यादव ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में पुराने लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
