संगरिया। सामाजिक सरोकारों के तहत एक प्रयास जन सेवा समिति, संगरिया द्वारा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पिरकामडिया में जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान समिति की ओर से विद्यालय के 50 जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क जूते और जुराबें वितरित की गईं। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत पौधरोपण भी किया गया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष सुखपाल सिंह इन्द्रगढ़ ने बताया कि समिति का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना और शिक्षा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा समय-समय पर जरूरतमंद बच्चों को जूते-जुराबें, कॉपी-किताबें, पेन, बैग आदि शैक्षणिक सामग्री निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य लगातार जारी रहेंगे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार पुनिया ने समिति के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान समिति सदस्य इंद्रपाल तरड, विद्यालय स्टाफ तथा गांव के गणमान्य नागरिकों ने भी समिति द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर रघुनाथ चाहर, टेक सिंह, रविंद्र कुमार, गुरमीत सिंह, उदयपाल, राधाराम, कुलवंत तरड, जगदीश, मलकीत सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। समिति अध्यक्ष सुखपाल सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग समिति से जुड़कर समाज सेवा के कार्यों में अपना अमूल्य सहयोग दें, ताकि जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने का यह अभियान निरंतर जारी रखा जा सके।
