हनुमानगढ़। राजस्थान जलदाय विभाग के तकनीकी कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर सरकार के सामने सख्त रुख अपनाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। जलदाय तकनीकी कर्मचारी संघ, जिला हनुमानगढ़ द्वारा जारी पत्र में बताया गया कि राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर पहले भी कई बार विभाग और सरकार को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हो पाया है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 11 मार्च 2026 को विभाग और सरकार को मांग पत्र व आंदोलनात्मक नोटिस प्रस्तुत किया गया था, जिसके बाद 31 मार्च तक मांगों के समाधान का आश्वासन मिला था। हालांकि निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। पत्र में कहा गया है कि विभाग की कार्यप्रणाली से कर्मचारी वर्ग असंतुष्ट है और आवश्यक सेवाओं के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग और सरकार की होगी। संघ ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्र में मांगों के त्वरित समाधान की अपील करते हुए चेताया है कि कर्मचारियों के सब्र का बांध अब टूट रहा है। यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। इन्द्राज घोटिया प्रदेश महामंत्री राजस्थान जलदाय कर्मचारी महासंघ, अंग्रेज सिंह सम्भाग संगठन मंत्री, लेखराम योगी जिलाध्यक्ष, मनोज राव जिला महामंत्री, संदीप झोरड़ संगठन मंत्री, सोहनलाल, दयाराम, बलविंदर, ज्वाला दत्त, पवनदीप सिंह, लखवीर सिंह, महेंद्र सिंह, हंस राज आदि मौजूद रहे।
