हनुमानगढ़। झूठी शिकायत कर ब्लैकमेल करने की साजिश का आरोप लगाते हुए गांव हांसलिया के कुछ ग्रामीणों ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में हांसलिया निवासी इमरान खान पुत्र मोहम्मद अली ने आरोप लगाया कि 4 फरवरी को उसके खेत से गोविन्द व अमरजीत सहित अन्य लोग सबमर्सिबल की करीब 400 फीट केबल चोरी कर ले गए। आरोप है कि रात के अंधेरे में आरोपियों ने हाथों से तार खींचकर पक्के खाले के पास झाड़ियों में छिपते हुए तार चोरी की। इमरान खान ने बताया कि इस संबंध में 12 फरवरी को गोलूवाला पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। उनका आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने से नाराज होकर गोविन्द पुत्र अमरजीत, अमरजीत, चंदो देवी व रफीक लोदी समेत अन्य लोगों ने उसे व उसके परिवार को डराने-धमकाने और प्रताड़ित करने के उद्देश्य से आपराधिक षड्यंत्र रचते हुए छेड़छाड़ जैसे झूठे आरोप लगाकर थाना प्रभारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। इमरान खान ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि उक्त लोगों के खिलाफ झूठी शिकायत और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं। इस मौके पर सीताराम बिश्नोई, भूपेंद्र सिंह, मोहम्मद अली, रमजान खान, वारिस अली, जोगेंद्र सिंह, जगजीत औलख, जग्गा सिंह, कुलदीप पिलानिया, भागीरथ कुम्हार, महेंद्र राम भाट, विनोद, रामनारायण बिश्नोई मौजूद थे।
