हनुमानगढ़। टाउन स्थित अग्रसेन भवन में होली पर्व के उपलक्ष्य में “रंगों की होली” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। उत्सव का आयोजन सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक हुआ, जिसमें अग्रवाल समाज के करीब 60 से 70 अग्र बंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक ढंग से एक-दूसरे को गुलाल लगाकर की गई। उपस्थित सदस्यों ने फूलों और गुलाल से होली खेलते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे परिसर में रंग-बिरंगे गुलाल और पुष्पों की खुशबू से माहौल खुशनुमा बना रहा।

इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ एवं युवा सदस्यों ने मिलकर होली के महत्व पर प्रकाश डाला और समाज में एकता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों एवं होली गीतों की धुन पर सभी ने आनंद लिया। आयोजन का उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर एकत्र कर आपसी संबंधों को मजबूत करना और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजना था। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी ऐसे सामूहिक आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया। आयोजन को लेकर समाज में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
