हनुमानगढ़। भादरा थाना पुलिस ने ट्रैक्टर एजेंसी में रात्रि के समय घुसकर नकदी व महत्वपूर्ण सामान चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना संकलन तथा सीसीटीवी कैमरों की जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भादरा पुलिस थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर एजेंसी में रात्रि के समय घुसकर नकदी व महत्वपूर्ण सामान चोरी करने के मामले में वांछित आरोपी मोनू उर्फ मनु (27) पुत्र वेदप्रकाश ब्राह्मण निवासी वार्ड नम्बर 20, भादरा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 18 मई को परिवादी विवेक घोटिया ने भादरा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि 17 मई की रात्रि को मैसर्स एसएमबीपी ट्रैक्टर्स एजेंसी में अज्ञात चोर घुस आए और एजेंसी से आवश्यक दस्तावेज, दो पेन ड्राइव, एक मोबाइल फोन सहित लगभग दो लाख रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान अधिकारी एएसआई राजपाल सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य एवं सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है तथा मामले में आगे अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस टीम में एएसआई राजपाल सिंह, कांस्टेबल मदनलाल एवं आजाद शामिल रहे। मामले के खुलासे में कांस्टेबल मदनलाल की विशेष भूमिका रही।
