हनुमानगढ़। 10 से 12 जून तक दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल खेल प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के डीएवी विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत का लोहा मनवाया। भारोत्तोलन प्रतियोगिता में शालू और प्रांचल ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रिंसदीप ने रजत पदक पर कब्जा किया। वहीं नेटबॉल प्रतियोगिता में (अंडर-14) बालिका वर्ग की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि पर बुधवार को विद्यालय में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विजेता छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। इस मौके पर विद्यालय प्राचार्य ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। छात्राओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और अवसर मिले तो वे किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। खेल न केवल शारीरिक विकास करता है, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी सिखाता है। शालू, प्रांचल प्रिंसदीप तथा नेटबॉल टीम की सभी बालिकाओं ने पूरे विद्यालय का मान बढ़ाया है। प्राचार्य ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को इस सफलता के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी उनके विद्यालय के विद्यार्थी इसी प्रकार नई ऊंचाइयों को छूते रहेंगे।
