हनुमानगढ़। टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल विधि महाविद्यालय में बुधवार को मकर संक्रांति का पर्व मनाया गया। इस आयोजन में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. सीताराम ने पतंग उड़ा कर किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को रेवड़ी और मूंगफली वितरित की। इसके बाद महाविद्यालय के क्रीड़ा स्थल पर सभी ने पतंग उड़ाने और पेच लड़ाने की परंपरा को जीवंत किया। छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया। प्राचार्य डॉ. सीताराम ने अपने संबोधन में मकर संक्रांति पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि यह पर्व हिंदू धर्म में विशेष स्थान रखता है। मकर संक्रांति के दिन सूर्य उत्तरायण होता है और मकर राशि में प्रवेश करता है, जिससे ऋतु परिवर्तन की शुरुआत होती है। इस दिन स्नान, दान और पुण्य कार्यांे का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखते हैं, बल्कि आपसी सद्भाव और एकता को भी बढ़ावा देते हैं। इस मौके पर डॉ. केबी ओझा, डॉ. बृजेश अग्रवाल, डॉ. मोहम्मद इमरान, डॉ. दिनेश खोथ, निखिल सिगची, विकास चौधरी, अशोक कुमार, क्रांति गिला सहित शैक्षणिक-अशैक्षणिक कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
