हनुमानगढ़। टाउन स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय डीएवी खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों ने नेटबॉल, क्रिकेट, भारोत्तोलन, निशानेबाजी, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, रोलर स्केटिंग और तीरंदाजी सहित विभिन्न खेलों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और मेहनत का परिचय दिया। खिलाड़ियों की इन उपलब्धियों पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर नेटबॉल में विद्यालय की अंडर-19 छात्र टीम ने स्वर्ण पदक और अंडर-17 टीम ने रजत पदक हासिल किया। क्रिकेट में रस्म शर्मा ने अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। भारोत्तोलन में प्रांचल ने अंडर-19 वर्ग की 69 किलोग्राम से कम भार श्रेणी में स्वर्ण पदक हासिल किया। सहजवीर सिंह ने अंडर-14 वर्ग की 88 किलोग्राम से कम भार श्रेणी तथा उदयवीर सिंह ने अंडर-14 बालक वर्ग की 98 किलोग्राम से कम भार श्रेणी में रजत पदक जीते। प्रिंसदीप कौर ने अंडर-19 वर्ग की 59 किलोग्राम से कम भार श्रेणी में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, छात्र वर्ग की अंडर-19 भारोत्तोलन प्रतियोगिता में गजेंद्र सिंह शेखावत ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का मान बढ़ाया। अन्य खेलों में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। निशानेबाजी में जसविंद्र सिंह ने स्वर्ण पदक, बैडमिंटन में प्रज्ञा ठकराल ने कांस्य पदक और ताइक्वांडो में वृंदा गुप्ता ने कांस्य पदक हासिल किया। रोलर स्केटिंग में यशदीप चौधरी ने रजत पदक प्राप्त किया। तीरंदाजी में मनीष चौधरी ने अंडर-17 वर्ग की 50 मीटर कंपाउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी एकाग्रता और सटीक निशाने का परिचय दिया। विद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय डीएवी खेल उपलब्धि सम्मान समारोह में यशपाल असीजा मुख्य अतिथि तथा प्रेम सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की और उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य परमजीत कुमार ने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
