हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (आरएससीईआरटी), उदयपुर के निर्देशों की अनुपालना में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के डीआरयू प्रभाग की ओर से आयोजित ब्लॉक स्तरीय तीन दिवसीय गैर आवासीय ‘खुशीशाला : खुद की खोजÓ प्रशिक्षण बुधवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में रावतसर ब्लॉक के 37 शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इसमें कक्षा एक से पांच तक के विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य और विद्यालय के माहौल को खुशनुमा एवं तनावमुक्त बनाने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। डाइट प्रधानाचार्य मधुबाला, प्रभागाध्यक्ष सुलतान सिंह सहू और प्रभारी जसमीत सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में शिक्षकों को बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने और विद्यालय में सकारात्मक वातावरण विकसित करने के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों के लिए 21 दिवसीय ‘हौसलाÓ कार्यक्रम, फैसिलिटेटर के रूप में शिक्षक की भूमिका, खुशीशाला की रूपरेखा, ध्यान एवं सजगता के कौशल तथा प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों में मूल्य शिक्षा की आवश्यकता जैसे विषयों पर विचार साझा किए गए। प्रशिक्षण के समापन पर डाइट प्रधानाचार्य मधुबाला ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए 21 दिवसीय हौसला कार्यक्रम और खुशीशाला प्रशिक्षण की उपयोगिता को विद्यालय स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण में सीखी गई गतिविधियों और कौशल का लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यशाला में क्षमतालय फाउंडेशन, उदयपुर से दक्ष प्रशिक्षक श्रुति पांडे तथा एसआरजी धर्मदेव गोदारा और बृजेश कुमार मौजूद रहे।
