
हनुमानगढ़। तलवाड़ा झील थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए अवैध शराब से भरी कार जब्त की। कार सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। कार में रखे पांच कार्टून में देसी शराब से भरे कुल 240 मिले। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अग्रिम अनुसंधान में जुटी है। पुलिस के अनुसार तलवाड़ा झील थाना के एएसआई फरसराम के नेतृत्व में गठित टीम डबलीकलां व मसीतांवाली हैड में गश्त करते हुए रात्रि 10.20 बजे मसीतांवाली हैड में एनडीआर नहर के पुल के नजदीक पहुंची तो मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि एक कार मसीतांवाली हैड की तरफ आ रही है। उक्त कार की डिग्गी में शराब की पेटियां भरी है। कार में दो व्यक्ति सवार हैं। मुखबिर की सूचना पर टीम ने एनडीआर नहर पुल के नजदीक रोही मसीतांवाली हैड में नाकाबंदी शुरु की। नाकाबंदी के दौरान लूणावाली ढाणी की तरफ से एक कार आई। कार को रुकवाया तो उसके आगे-पीछे नम्बर प्लेटों पर आरजे 31 सीसी 2123 नम्बर लिखे हुए थे। कार में दो व्यक्ति सवार। चालक की पहचान विक्रम सिंह (46) पुत्र बाबूसिंह राजपूत निवासी वार्ड चार, टिब्बी व चालक के बराबर वाली सीट पर बैठे दूसरे की पहचान संदीप सोनी (33) पुत्र राजाराम सोनी निवासी वार्ड सात, टिब्बी के रूप में हुई। दोनों पुलिस टीम को देख घबरा गए। शक के आधार पर टीम ने तलाशी ली तो कार की डिग्गी में गत्ते के पांच कार्टून रखे हुए थे। पांचों कार्टूनों में देसी शराब से भरे प्लास्टिक के कुल 240 पव्वे थे। पुलिस ने विक्रम सिंह व संदीप सोनी को इतनी भारी मात्रा में देसी शराब का परिवहन करने बाबत लाइसेंस/परमिट पूछा तो दोनों ने नहीं होना बताया। बिना लाइसेंस/परमिट भारी मात्रा में अवैध शराब रखने व परिवहन करने के जुर्म में टीम ने विक्रम सिंह व संदीप सोनी को गिरफ्तार कर शराब मय कार जब्त की। दोनों के खिलाफ राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। जांच एएसआई अजीत सिंह कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई फरसराम, हैड कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल राजपाल व रामस्वरुप शामिल रहे।
