हनुमानगढ़। डॉ. अम्बेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन (अजाक) के भादरा तहसील अध्यक्ष रामस्वरूप पातलान पर हुए हमले के मामले में 10 दिन बाद भी आरोपियों का पता नहीं चलने पर संगठनों ने नाराजगी जताई है। अजाक व डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी जयपुर जिला शाखा के नेतृत्व में संगठन सदस्यों ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना को ज्ञापन सौंपकर मामले में उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। अजाक जिलाध्यक्ष सुमेर सिंह व सोसायटी अध्यक्ष दलीप बसेर ने बताया कि 20 मई की रात करीब 10 बजे भादरा तहसील के गांव अमरपुरा निवासी रामस्वरूप पातलान भोजन करने के बाद अपने घर के सामने सांगड़ा सड़क मोड़ पर टहल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर लाठी से वार कर दिया। हमले में उनके सिर से खून बहने लगा और वह मौके पर गिर गए। उसी समय सामने से किसी व्यक्ति के आने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

बाद में उक्त व्यक्ति ने परिजनों को सूचना देकर रामस्वरूप पातलान को घर पहुंचाया। अगले दिन भिरानी थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई, लेकिन करीब 10 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस जांच में कोई ठोस प्रगति नहीं होने का आरोप लगाया गया है। संगठन का कहना है कि स्थानीय पुलिस इस मामले को सामान्य रंजिश मानकर जांच कर रही है, जबकि हर पहलू से जांच की जानी चाहिए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि कुछ माह पूर्व रामस्वरूप पातलान ने अपने मोहल्ले में घर के पास सड़क पर डॉ. अम्बेडकर नगर का बोर्ड लगवाया था। संगठन ने आशंका जताई कि किसी मनुवादी सोच रखने वाले व्यक्ति की ओर से इस कारण भी घटना को अंजाम दिया गया हो सकता है। साथ ही लूटपाट के उद्देश्य से हमला किए जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। संगठन सदस्यों ने एसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च स्तर पर जांच करवाने, अपराधी की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
